फुलवरिया में राजस्व महा अभियान शिविर, बथुआ बाजार व चमारी पट्टी पंचायत से 205 आवेदन जमा

फुलवरिया में राजस्व महा अभियान शिविर, बथुआ बाजार व चमारी पट्टी पंचायत से 205 आवेदन जमा

बथुआ बाजार पंचायत में 105, चमारी पट्टी में 100 रैयतों ने कराए आवेदन दर्ज

संवाददाता, फुलवरिया

गोपालगंज के फुलवरिया प्रखंड क्षेत्र के बथुआ बाजार एवं चमारी पट्टी पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को राजस्व महा अभियान शिविर का आयोजन किया गया. इस दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और जमीन से संबंधित विभिन्न आवेदन जमा किए. बथुआ बाजार पंचायत से 105 तथा चमारी पट्टी पंचायत से 100, इस प्रकार कुल 205 आवेदन रैयतों द्वारा जमा कराए गए. शिविर में जमाबंदी सुधार, उत्तराधिकार खाता, खेसरा व रकबा अद्यतन जैसी समस्याओं के समाधान के लिए आठ-आठ काउंटर बनाए गए थे. इन काउंटरों पर मौजूद कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित आवेदन स्वीकार किए. प्रत्येक आवेदन के साथ सत्यापन हेतु शपथ पत्र भी जमा कराया गया. सभी पर्चों को मौके पर ही ऑनलाइन दर्ज किया गया, ताकि आगे की कार्रवाई शीघ्र गति से की जा सके. सीओ बीरबल वरुण कुमार ने बताया कि राजस्व महा अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक रैयत को उसकी जमीन से जुड़ी अधतन जानकारी उपलब्ध कराना है. साथ ही जमाबंदी सुधार, उत्तराधिकार खाता, खेसरा व रकबा में गड़बड़ियों का निराकरण कर पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी इस अभियान का अहम लक्ष्य है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा. ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत किया. उनका कहना था कि अब जमीन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. मौके पर उपस्थित कई रैयतों ने बताया कि वर्षों से लंबित विवाद और जमाबंदी की त्रुटियों का निपटारा इसी शिविर से संभव होगा. शिविर में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी शोभा कुमारी, पंचायत राज पदाधिकारी सुमी प्रिया, राजस्व कर्मचारी दीपक कुमार, पंचायत की मुखिया अनीता देवी, समाजसेवी अशोक शाह सहित अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे. पूरे आयोजन का संचालन शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी माहौल में किया गया. ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि शिविर के माध्यम से न केवल उनके पुराने विवादों का समाधान होगा बल्कि जमीन से जुड़ी सभी गड़बड़ियों का भी स्थायी निराकरण किया जाएगा. अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि रैयतों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध ढंग से निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *